रायपुर :- छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के बीच एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है, जबकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन हुआ। इसके साथ ही कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी रिकॉर्ड की गई।
मौसम में यह बदलाव चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से देखने को मिल रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा छत्तीसगढ़ के रायपुर समेत कई क्षेत्रों से होकर आगे बढ़ रही है। वहीं दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका सक्रिय है।
रायपुर में भी बदला मौसम
राजधानी रायपुर में भी मौसम का असर देखने को मिला। बीती शाम रायपुरा और माना इलाके में कुछ देर बारिश हुई। वहीं सड्डू क्षेत्र में हल्की बारिश के साथ ओले भी गिरे। शहर के कई हिस्सों में बादल गरजते रहे, जबकि कुछ इलाकों में धूप भी खिली रही। दुर्ग और बिलासपुर जिले के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर में फिलहाल आसमान साफ रहने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में तेज धूप के चलते गर्मी का असर बना रह सकता है, लेकिन अगले दो दिनों में बादल और बारिश के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।


