रायपुर :- लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश पर शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय शंकर नगर रायपुर में व्याख्याता और व्याख्याता एलबी टी-संवर्ग के पदों पर पदोन्नति के बाद पदस्थापना के लिए ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग आयोजित की गई। विभाग की ओर से कुल 194 पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई थी, जिसमें से 160 शिक्षक काउंसिलिंग में प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। इस तरह प्रक्रिया में कुल 82.47 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
काउंसिलिंग के दौरान उपस्थित शिक्षकों को उपलब्ध रिक्तियों और पदस्थापना से संबंधित जानकारी दी गई। प्रक्रिया के बाद 154 शिक्षकों ने शासन की ओर से प्रस्तावित नए विद्यालयों में पदभार ग्रहण करने के लिए लिखित सहमति दी। खास बात यह रही कि किसी भी अभ्यर्थी ने पदोन्नति लेने से पूरी तरह इनकार नहीं किया। वहीं, छह शिक्षकों ने पदोन्नति के बाद निर्धारित पदस्थापना को लेकर असहमति जताई।
विषयवार आंकड़ों की बात करें तो जीव विज्ञान के 25 पात्र अभ्यर्थियों में से 23 शिक्षक काउंसिलिंग में शामिल हुए और 22 ने पदस्थापना के लिए सहमति दी। रसायन शास्त्र में 45 में से 39 शिक्षक उपस्थित हुए, जिनमें 34 ने नए विद्यालयों में जाने की सहमति दी। राजनीति विज्ञान के सभी 17 उपस्थित अभ्यर्थियों ने सहमति जताई। इसके अलावा इतिहास में 21, भूगोल में 14 और अर्थशास्त्र में 44 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग में हिस्सा लिया। भौतिकी और वाणिज्य विषय में एक-एक अभ्यर्थी पंजीकृत था और दोनों ने पदस्थापना के लिए सहमति दी।
लोक शिक्षण संचालनालय के उप संचालक हिमांशु भारतीय ने बताया कि काउंसिलिंग शुरू होने से पहले सभी शिक्षकों को नियमों, प्रक्रिया और उपलब्ध रिक्तियों की विस्तृत जानकारी दी गई थी। दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम पात्र सूची विभागीय पोर्टल पर पहले ही जारी कर दी गई थी। इससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने का प्रयास किया गया।
काउंसिलिंग में सहमति देने वाले 154 शिक्षकों को उनके द्वारा चुने गए विद्यालयों में पदस्थापना के आदेश तत्काल जारी कर दिए गए। विभाग का कहना है कि आदेश जारी होने के बाद शिक्षक जल्द ही संबंधित विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण कर सकेंगे। इस प्रक्रिया से पदोन्नत शिक्षकों की नई पदस्थापना का रास्ता साफ हो गया है और संबंधित स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित होने की उम्मीद है।


