रायपुर :- रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में कुल 1 क्विंटल 27 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इन मामलों में दो अंतरराज्यीय तस्करों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें विधि के साथ संघर्षरत एक बालक भी शामिल है। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है।
पहली कार्रवाई थाना गंज क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ऑटो वाहन से गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास ऑटो को रोककर तलाशी ली। ऑटो में सवार तीन लोगों के पास मौजूद ट्रॉली बैग से 82.51 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस मामले में जब्त सामग्री की कीमत करीब 41.25 लाख रुपये बताई गई है।
दूसरी कार्रवाई थाना आमानाका क्षेत्र के टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 44.799 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22.39 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों में पकड़े गए आरोपियों में ओडिशा और पश्चिम बंगाल के निवासी अंतरराज्यीय तस्क भी शामिल हैं। गंज थाना मामले में मुकुंद शर्मा, गोपाल वर्मा उर्फ गोपी और संतोष साहू को गिरफ्तार किया गया है, जबकि आमानाका थाना मामले में कान्हू डकुआ, सुमित भट्टाचार्य और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा गया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत अपराध दर्ज किया है। अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से गांजा तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाकर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर कमिश्नरेट के मुताबिक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीमों ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 85 मामलों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाईयों में गांजा, नशीली टैबलेट, एमडीएमए, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन, ब्राउन शुगर समेत अन्य सामग्री और वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।


