रायपुर :- आगामी गरबा आयोजनों को सुरक्षित, सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए रायपुर कमिश्नरेट के मध्य जोन में पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल ने अपने कार्यालय में गरबा आयोजकों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन संबंधी नियमों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में आयोजकों को पुलिस द्वारा जारी अनुमति पत्र की सभी शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल के लिए निर्धारित समय-सीमा और ध्वनि प्रदूषण संबंधी मानकों का पालन करने पर जोर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि गरबा आयोजन तय स्थान और निर्धारित समय के भीतर ही किए जाएं। इसके साथ ही प्रवेश और निकास द्वार, आपातकालीन रास्ते, पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे और रिकॉर्डिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयोजकों को पुरुष एवं महिला वालंटियर और सुरक्षा गार्ड तैनात करने तथा उनकी जानकारी संबंधित थाने को उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया।

पुलिस ने आयोजन स्थलों पर अग्निशमन उपकरण, प्राथमिक चिकित्सा और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा और सार्वजनिक मार्गों पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। आयोजन स्थल पर हथियार, ज्वलनशील पदार्थ, मादक पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य किसी भी संभावित दुर्घटना, अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति को रोकना है।

डीसीपी सेंट्रल ने आयोजकों को यह भी निर्देश दिया कि गरबा कार्यक्रमों में अश्लील, आपत्तिजनक, भड़काऊ या सांप्रदायिक सद्भाव को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। किसी अप्रिय घटना, आगजनी, भगदड़ या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचना देनी होगी। आयोजन के दौरान कम से कम दो जिम्मेदार पदाधिकारियों की मौके पर मौजूदगी और सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी भी अनिवार्य की गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि अनुमति पत्र की शर्तों का उल्लंघन करने या कानून-व्यवस्था एवं सार्वजनिक शांति प्रभावित होने की स्थिति में आयोजन की अनुमति निरस्त की जा सकती है और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में शामिल गरबा आयोजकों ने पुलिस के निर्देशों का पालन करने और आयोजन के दौरान प्रशासन को आवश्यक सहयोग देने पर सहमति जताई। पुलिस ने सभी आयोजकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए गरबा कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराएं।