रायपुर :- कांग्रेस नेता राहुल गांधी जल्द ही छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर आ सकते हैं। बोधघाट परियोजना को लेकर उनका यह दौरा संभावित है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बोधघाट परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों की आवाज उठाएगी और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाएगी।

दीपक बैज के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने अपने बस्तर दौरे के दौरान ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी हैं। अब राहुल गांधी भी जल्द ही बस्तर पहुंचकर परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों के साथ चर्चा कर सकते हैं। कांग्रेस का कहना है कि ग्रामीणों की चिंताओं और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए इस मुद्दे को उठाया जाएगा।

उत्तर प्रदेश से बिजली खरीदने की तैयारी पर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बिजली का उत्पादन होने के बावजूद दूसरे राज्य से बिजली खरीदने की तैयारी की जा रही है। इससे प्रदेश की जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ही बिजली की दरें बढ़ चुकी हैं और सरकार की नीतियों के कारण आम लोगों को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, रेल मंत्री के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी पीसीसी चीफ ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले से ही ट्रेनों का संचालन प्रभावित है और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद रेल मंत्री का दौरा जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय उद्योगपतियों और कॉरपोरेट घरानों के हितों को साधने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कांग्रेस ने रेल सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को दूर करने की मांग उठाई है।