नई दिल्ली :- दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन का असर रेल यात्रियों की आवाजाही पर पड़ सकता है। भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। रेलवे के आदेश के मुताबिक, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच पहुंचने वाली कुछ ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन से ही रद्द किया जाएगा। ऐसे में दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक करने की सलाह दी गई है।

रेलवे के कोचिंग निदेशालय की ओर से 9 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली उन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया जाएगा, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचना था। इस फैसले के तहत संबंधित ट्रेनें अपने शुरुआती स्टेशन से ही रवाना नहीं होंगी, जिससे यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो सकती है।

रद्द की जाने वाली ट्रेनों में मुंबई राजधानी एक्सप्रेस (22221), तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309), संपूर्ण क्रांति सुपरफास्ट (12393), अमृत भारत एक्सप्रेस (22361), सियालदह राजधानी (12313), हावड़ा राजधानी (12301), प्रयागराज एक्सप्रेस (12417), श्रमशक्ति एक्सप्रेस (12451), लखनऊ मेल (12429) और मुंबई सेंट्रल राजधानी (12951) शामिल हैं। हालांकि, यात्रा से पहले यात्रियों को अपनी ट्रेन के संबंध में रेलवे की आधिकारिक सूचना से पुष्टि कर लेनी चाहिए।

रेलवे के मुताबिक, मध्य दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन के कारण नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका है। इससे यात्रियों को समय पर स्टेशन पहुंचने में परेशानी हो सकती है और उनकी ट्रेन छूटने का खतरा बढ़ सकता है। रेलवे ने बताया कि पहले भी स्टेशन के आसपास प्रदर्शन और जाम के कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इसी तरह की स्थिति से बचने के लिए इस बार पहले से एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

अगर आपने 9 या 10 अक्टूबर को दिल्ली जाने के लिए टिकट बुक कराया है, तो यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन की मदद ली जा सकती है। ट्रेन रद्द होने की स्थिति में वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था पर विचार करें और स्टेशन के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलें, ताकि ट्रैफिक जाम के कारण होने वाली परेशानी से बचा जा सके।