जगदलपुर :- माँ दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोटरी क्लब जगदलपुर ने ‘प्रोजेक्ट आशा’ के तहत निःशुल्क बस सेवा शुरू की है. रविवार को जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में महापौर संजय पांडे और बस्तर राजपरिवार के उत्तराधिकारी कमलचंद्र भंजदेव की उपस्थिति में बस सेवा का शुभारंभकिया गया. बताया गया कि यह सेवा 11 से 15 अक्टूबर तक जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच संचालित होगी. रोटरी क्लब की इस पहल का उद्देश्य सीमित रेल सुविधाओं के कारण आवागमन में परेशानी का सामना कर रहे श्रद्धालुओं को वैकल्पिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है.

नवरात्रि के दौरान मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं को इससे राहत मिलने की उम्मीद है. रोटरी क्लब द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार, जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से दंतेवाड़ा के लिए पहली बस सुबह 7 बजे और दूसरी बस दोपहर 2 बजे रवाना होगी. वहीं, दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से जगदलपुर के लिए बस सुबह 10 बजे और शाम 5 बजे प्रस्थान करेगी. यह व्यवस्था 11 से 15 अक्टूबर तक लागू रहेगी. रोटरी क्लब के सचिव रोटेरियन अंकित गोयल ने बताया कि निःशुल्क बस सेवा केवल एकतरफा यात्रा यानी ड्रॉप सुविधा के रूप में उपलब्ध है.

जगदलपुर से दंतेवाड़ा जाने वाले यात्रियों को उसी बस से वापस लाने की व्यवस्था नहीं है. इसी तरह, दंतेवाड़ा से जगदलपुर आने वाली बसों का संचालन भी निर्धारित समय के अनुसार किया जाएगा. परियोजना के चेयरमैन एवं रोटरी क्लब जगदलपुर के उपाध्यक्ष रोटेरियन संग्राम सिंह राणा ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट आशा’ जनसेवा और धार्मिक आस्था को जोड़ने की पहल है. उन्होंने यात्रियों से निर्धारित समय और प्रस्थान स्थल का ध्यान रखने के साथ एकतरफा यात्रा की शर्तों को समझकर यात्रा करने की अपील की. संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी क्लब के सचिव रोटेरियन अंकित गोयल और संयुक्त सचिव रोटेरियन सप्तगिरि मद्दी संभाल रहे हैं.