नई दिल्ली :- रणबीर कपूर और साई पल्लवी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, रवि दुबे और अरुण गोविल भी फिल्म का अहम हिस्सा हैं। इसी बीच फिल्म की अमेरिका में रिलीज को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में दर्शकों को ‘रामायण’ के दो अलग-अलग वर्जन देखने को मिल सकते हैं। वैराइटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म का हिंदी और अंग्रेजी वर्जन अमेरिकी सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की तैयारी है। खास बात यह है कि दोनों वर्जन के रनटाइम में करीब 30 मिनट का अंतर बताया जा रहा है। अंग्रेजी वर्जन को ‘रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड’ नाम से लिस्ट किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी थिएटर चेन एएमसी की लिस्टिंग में हिंदी वर्जन का रनटाइम 3 घंटे 15 मिनट दर्ज है, जबकि अंग्रेजी वर्जन की अवधि 2 घंटे 45 मिनट बताई गई है। यानी अंग्रेजी वर्जन हिंदी वर्जन के मुकाबले आधे घंटे छोटा होगा। हालांकि, फिल्म के दोनों वर्जन की अवधि में इतना अंतर क्यों रखा गया है, इस बारे में मेकर्स की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि अंग्रेजी वर्जन में गानों को हटाया जा सकता है। पहले आई कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया था कि हिंदी वर्जन में शामिल गाने और इंटरवल अंग्रेजी कट का हिस्सा नहीं होंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि दोनों वर्जन के रनटाइम में अंतर की एक वजह यह हो सकती है। हालांकि, कहानी, दृश्यों या एडिटिंग में किसी अन्य बदलाव को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बन रही ‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिना जा रहा है। फिल्म को भारतीय दर्शकों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि फिल्म के दोनों वर्जन को लेकर मेकर्स कब आधिकारिक जानकारी साझा करते हैं और बड़े पर्दे पर रणबीर कपूर की भगवान राम के रूप में झलक दर्शकों को कितना प्रभावित करती है