रायपुर :- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 22 और 23 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी संबंध में तैयारियों को लेकर लोकभवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना ने की। इस दौरान राष्ट्रपति के प्रवास के मद्देनजर लोकभवन में की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में लोकभवन परिसर में बैठक व्यवस्था, पार्किंग, बिजली और इंटरनेट की निर्बाध उपलब्धता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल के तहत वाहनों की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

बैठक में जनसंपर्क विभाग के संचालक श्री आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर के पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर, सामान्य प्रशासन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्धारित कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, सुविधा और प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।