रायपुर :- भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन मंगलवार सुबह रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। रवि किशन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हरा नहीं पा रही है, इसलिए अब प्रदर्शन के जरिए लोगों को परेशान कर रही है। उन्होंने प्रदर्शन के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क जाम करना किसी भी आंदोलन का उचित तरीका नहीं है।

रवि किशन ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने 65 साल तक देश का शोषण किया और अब भारत को फिर से पीछे ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है और भारत विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। भाजपा सांसद ने कांग्रेस से विकास के मुद्दों पर राजनीति करने और देश के भविष्य को लेकर अपना रोडमैप स्पष्ट करने की बात कही।

भाजपा सांसद ने संसद की कार्यवाही को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद को सुचारु रूप से चलने नहीं दे रहा है। रवि किशन के मुताबिक, प्रदर्शनों और सड़क जाम के कारण आम लोगों को नौकरी, जरूरी कामों और आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आंदोलन ऐसा होना चाहिए, जिससे आम जनता को परेशानी न हो।

EVM और वोट चोरी को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाते हुए रवि किशन ने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब ईवीएम और वोट चोरी को लेकर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते? उन्होंने कांग्रेस से आरोप-प्रत्यारोप के बजाय विकास के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे भारत की बात करती है, जहां दंगे न हों, विकास हो और जनता की आवाज सुनी जाए।

बता दें कि रवि किशन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयोजित गरबा महोत्सव में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे हैं। मंगलवार सुबह रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उनका बिलासपुर रवाना होने का कार्यक्रम है। उनके रायपुर आगमन के दौरान मीडिया से हुई बातचीत में दिल्ली के राजनीतिक घटनाक्रम, कांग्रेस के प्रदर्शन और ईवीएम से जुड़े आरोप प्रमुख मुद्दे रहे।