रायपुर :- छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों का ऐलान किया गया और सभी टीमों की जर्सी लॉन्च की गई। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर बनाया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा।

कार्यक्रम में ड्रा के जरिए छह फ्रेंचाइजी को टीमें आवंटित की गईं। चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL), राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी और एक मुख्य कोच होंगे। लीग में कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल हैं।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरदार सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी का लीग एंबेसडर बनना प्रदेश के युवा हॉकी खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वहीं, सरदार सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और भविष्य में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर देगी। लीग में छह पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ियों के रूप में टीमों की अगुवाई करेंगे। इनमें एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में 18 पुरुष मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि महिला हॉकी का एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित होगा। प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि 21 लाख रुपये रखी गई है। विजेता टीम को 11 लाख और उपविजेता को 6 लाख रुपये मिलेंगे। इसके अलावा, सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 के उभरते खिलाड़ी सहित विभिन्न श्रेणियों में व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे। सभी मुकाबलों में प्रवेश दर्शकों के लिए नि:शुल्क रहेगा, जबकि जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच सकेंगे, वे जियोहॉटस्टार पर लाइव प्रसारण देख सकेंगे।

लीग में हॉकी के साथ मनोरंजन और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। उद्घाटन समारोह में प्रदेश की कला-संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां होंगी। पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मुकाबलों के दौरान प्रतिदिन शाम 5:30 बजे और 7:30 बजे मैच आयोजित किए जाएंगे तथा दोनों मुकाबलों के बीच मनोरंजन कार्यक्रम होंगे। लीग का मस्कट छत्तीसगढ़ की शान बाघ को बनाया गया है, जिसे 'बघवा' नाम दिया गया है। वहीं, इसकी टैगलाइन 'चलो रे संगी हॉकी खेलबो' रखी गई है।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर देना और खेल के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाना है। छह फ्रेंचाइजी टीमों, पूर्व ओलंपियनों की भागीदारी और आकर्षक पुरस्कार राशि के साथ रायपुर में 21 अक्टूबर से हॉकी का रोमांच शुरू होगा। अब खेल प्रेमियों की नजरें लीग के उद्घाटन मुकाबले और स्थानीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी।