रायपुर :- ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर नवीन अग्रवाल का जनचौपाल एवं जनसमस्या निवारण जनसंपर्क अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। ग्राम बंगोली से शुरू हुआ अभियान कुर्रा, मुरा और धनसूली होते हुए रायखेड़ा पहुंचा। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, वहीं जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं को लेकर संवाद किया। अभियान के दौरान विभिन्न गांवों में जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया गया और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया।.
अभियान के दूसरे दिन ग्राम बंगोली में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब शामिल हुए। जनचौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई। इस दौरान मंत्री ने प्रार्थना शेड, शौचालय निर्माण, श्मशान घाट, सीसी रोड और अतिरिक्त कक्ष सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की। वहीं, ग्राम कुर्रा और मुरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र और नवनिर्मित आवासों की चाबियां सौंपी गईं। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक और आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई।
ग्राम मुरा में नवीन अग्रवाल ने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, सपनों और भविष्य को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान के अगले पड़ाव ग्राम धनसूली में कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा ने भी सहभागिता की। उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल की सराहना की। मंत्री ने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों का विकास करना है। प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का उद्देश्य पात्र परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि जनचौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े और उनकी बात सीधे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों तक पहुंचे, इसी सोच के साथ यह अभियान शुरू किया गया है।
नवीन अग्रवाल ने कहा कि जनचौपाल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही और जनसेवा के संकल्प को जमीन पर उतारने का माध्यम है। अभियान के दौरान ग्रामीणों की जरूरतों को समझने, समस्याओं के नियमानुसार निराकरण और योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों के समन्वय से जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-5 के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर काम करने की बात कही।
इस अभियान में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और टंक राम वर्मा सहित जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। बंगोली से रायखेड़ा तक चले इस जनसंपर्क अभियान में विकास कार्यों की घोषणाओं, हितग्राहियों को लाभ वितरण और ग्रामीणों से सीधे संवाद के जरिए जनसमस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।


