रायपुर :- नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर निगरानी रखी जा रही है और प्रतिबंधित समय में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस ने 36 भारी वाहनों पर चालानी कार्रवाई की है। इन वाहनों से कुल 2 लाख 38 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस की निगरानी

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश और पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस के अधिकारी और जवान शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर तैनात हैं। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वहीं, देर रात तक रास गरबा और अन्य धार्मिक आयोजन भी होते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों की आवाजाही पर विशेष नजर रखी जा रही है।

प्रतिबंधित समय में प्रवेश करने वाले 36 वाहनों पर कार्रवाई

यातायात पुलिस के अनुसार, निर्धारित प्रतिबंधित समय में शहर के भीतर प्रवेश करने वाले भारी वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। इस अभियान के तहत 36 भारी वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 2.38 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस का कहना है कि नवरात्रि के दौरान यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। मंदिरों में दर्शन और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों से निकलते हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करने और शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

रायपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों और भारी वाहन चालकों से नवरात्रि के दौरान यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और शहर में सुचारु यातायात बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। भारी वाहन चालक प्रतिबंधित समय में शहर में प्रवेश करने से बचें, ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात बाधित न हो और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।