दुर्ग :- नवरात्रि के अवसर पर दुर्ग जिले में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा होने का मामला सामने आया है। पद्मनाभपुर स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित गरबा नाइट में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने फिल्मी गाने बजाने और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी को लेकर विरोध जताया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आयोजकों और विरोध करने पहुंचे कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी और मारपीट की नौबत आ गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, दुर्ग के पूर्व महापौर एवं शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की ओर से दो दिवसीय गरबा नाइट का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आयोजन में बजाए जा रहे फिल्मी गानों पर आपत्ति जताई। साथ ही मुस्लिम युवकों को कार्यक्रम में प्रवेश दिए जाने का भी विरोध किया।
**मंच पर चढ़कर जताया विरोध, आयोजकों से हुई झड़प**
वायरल वीडियो में बजरंग दल के जिला संयोजक रामलोचन तिवारी मंच पर चढ़कर माइक के माध्यम से विरोध दर्ज कराते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि मां दुर्गा की आराधना का पर्व है, इसलिए गरबा आयोजन में फिल्मी गाने नहीं बजाए जाने चाहिए। इस दौरान उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों के प्रवेश को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। विरोध के बीच आयोजकों और रामलोचन तिवारी के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद मारपीट की स्थिति बन गई।
**वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस**
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, बजरंग दल के विरोध और कार्यक्रम में हुए विवाद को लेकर आयोजकों की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।


