रायपुर :- राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने यात्री बस संचालकों के खिलाफ सख्ती करने की तैयारी की है। डीसीपी यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने यातायात कार्यालय कालीबाड़ी में बस संचालकों और ऑपरेटरों की बैठक लेकर यातायात नियमों का पालन करने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशीष देवांगन सहित यातायात पुलिस, नगर निगम के अधिकारी और विभिन्न ट्रैवल्स कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित स्थानों के अलावा सड़क या बुकिंग काउंटरों के सामने बस रोककर यात्रियों को बैठाने और उतारने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बस संचालकों को निर्देश दिया गया कि बस स्टैंड से रवाना होने के बाद रास्ते में कहीं भी मनमाने तरीके से बस रोककर सवारी न बैठाएं। यात्रियों को केवल निर्धारित स्टॉपेज पर ही बैठाने और उतारने की अनुमति होगी। शहर के अलग-अलग स्थानों पर संचालित बुकिंग और रिजर्वेशन काउंटरों के सामने बसें रोककर यात्रियों को बैठाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इस तरह बसें रोकने से सड़कों पर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है।
ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली बसों पर भी सख्ती करते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसी बसों का संचालन भाठागांव बस स्टैंड से नहीं किया जाएगा। साथ ही इन बसों को सामान्य यात्री बसों की तरह रास्ते में जगह-जगह रोककर यात्रियों को बैठाने और उतारने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा बसों की छतों पर सामान लादकर परिवहन करने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले बस चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
जगदलपुर, धमतरी और गरियाबंद की ओर से आने वाली बसों को एमएमआई चौक के पास निर्धारित स्थान पर यात्रियों को उतारने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद एमएमआई चौक से पचपेड़ी नाका होते हुए भाठागांव चौक तक रास्ते में कहीं भी बस रोककर यात्रियों को उतारने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, दुर्ग-भिलाई जाने वाली बसें पचपेड़ी नाका चौक से यू-टर्न लेने के बाद भाठागांव चौक पर यात्रियों को बैठाने के लिए नहीं रुकेंगी। बस स्टैंड में खड़े खराब और कंडम वाहनों को हटाने तथा बस स्टैंड का इस्तेमाल गैरेज के रूप में नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने बस संचालकों से शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। बैठक में मौजूद बस संचालकों और एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग देने की बात कही। अब इन निर्देशों के पालन से रायपुर में बसों की मनमानी पार्किंग, सड़क पर अनावश्यक ठहराव और उससे होने वाली यातायात अव्यवस्था पर अंकुश लगाने की कोशिश की जाएगी।


