रायपुर :- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आग्रह पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने महिला दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रखने पर सहमति जताई है। मुख्यमंत्री ने संघ से अपील की थी कि इस ऐतिहासिक मुकाबले को देखने के लिए अधिक से अधिक महिलाएं और बालिकाएं स्टेडियम पहुंचें, ताकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने का अवसर मिल सके।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव और बड़ी उपलब्धि की बात है। देश और दुनिया की बेहतरीन महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखना प्रदेश की बेटियों और युवा महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन से बालिकाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे भी क्रिकेट सहित अन्य खेलों को अपने करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगी।

सीएम साय ने कहा कि खेलों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और भारतीय महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। ऐसे में महिला क्रिकेट मुकाबलों को देखने के लिए अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। जब वे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा के साथ खेलते देखेंगी, तो उनके भीतर भी आगे बढ़ने और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने का जज्बा मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेलों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश के गांवों, कस्बों और आदिवासी अंचलों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को बेहतर खेल अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े मुकाबलों को करीब से देखने और उनसे सीखने का मौका मिलता है।

सीएम साय ने उम्मीद जताई कि भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मुकाबले से छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर खेल सुविधाओं, खिलाड़ियों के प्रति बढ़ते प्रोत्साहन और बड़े आयोजनों की मेजबानी से प्रदेश देश के प्रमुख खेल केंद्रों में अपनी जगह बना सकता है। सरकार का प्रयास है कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में विभिन्न खेलों की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित हों, जिससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिल सके।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों को मुकाबले के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों और खेल प्रेमियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करते हैं। रायपुर में आयोजित यह मुकाबला प्रदेश की बेटियों को खेलों से जोड़ने और छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।