कांकेर :- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में लौह खदान की तीन गाड़ियों में आग लगाने और घटनास्थल पर ‘लाल सलाम’ लिखा पर्चा छोड़ने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला लोहत्तर थाना क्षेत्र के चेमल के पास स्थित पुष्प ब्लॉक लौह खदान का है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, खदान परिसर में खड़ी तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया था। घटना के बाद मौके पर ‘लाल सलाम’ लिखा पर्चा मिलने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।

पुलिस ने इस मामले में सहदेव तुलावी, प्रेम सिंह कोरेटी, ओम प्रकाश कचलाम, बृजलाल सलाम और शिवलाल तुलावी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सहदेव तुलावी को घटना का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने गांव के आसपास लौह खदान संचालित किए जाने के पक्ष में नहीं थे।

मामले में बोदेली और एडगुड गांव के निवासी आरोपियों के खिलाफ आगजनी, संगठित अपराध, पहचान छिपाकर अपराध करने और जान से मारने की धमकी समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

इस घटना के बाद क्षेत्र में लौह खदान की सुरक्षा और स्थानीय विरोध से जुड़े मुद्दे चर्चा में हैं। फिलहाल पांचों आरोपी न्यायिक रिमांड पर हैं। पुलिस की जांच और न्यायालय की आगे की कार्रवाई के बाद मामले में अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।