रायपुर :- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जल्द ही छत्तीसगढ़ के दौरे पर आने वाली हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जानकारी दी है कि राष्ट्रपति ने बस्तर दशहरा में शामिल होने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 22 और 23 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगी। उनके दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि राष्ट्रपति जगदलपुर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी।

22 अक्टूबर को रायपुर में कई कार्यक्रमों में होंगी शामिल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगी। यहां वे लोक भवन और बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मुख्य सचिव भी दौरे की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठकें कर चुके हैं।

23 अक्टूबर को जगदलपुर में मुरिया दरबार में करेंगी शिरकत

राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचेंगी, जहां लालबाग मैदान में आयोजित ऐतिहासिक मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। बस्तर दशहरा केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का अनूठा प्रतीक है। राष्ट्रपति की मौजूदगी से इस ऐतिहासिक आयोजन को विशेष महत्व मिलने की उम्मीद है।

75 दिनों तक चलने वाला बस्तर दशहरा है अनूठा उत्सव

बस्तर दशहरा अपनी लगभग 75 दिनों तक चलने वाली विशिष्ट परंपराओं के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। देश के अन्य हिस्सों में दशहरे पर रावण दहन किया जाता है, लेकिन बस्तर दशहरा की परंपराएं इससे अलग हैं। यहां देवी दंतेश्वरी की आराधना, पारंपरिक अनुष्ठानों और जनजातीय रीति-रिवाजों के माध्यम से उत्सव मनाया जाता है। मुरिया दरबार इस आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां जनजातीय समाज की परंपराओं और सामुदायिक संवाद की झलक देखने को मिलती है।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर तैयारियां तेज

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। रायपुर से लेकर जगदलपुर तक उनके कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। राष्ट्रपति का बस्तर दशहरा में शामिल होना जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। अब सभी की नजरें 23 अक्टूबर को होने वाले ऐतिहासिक मुरिया दरबार पर टिकी हैं।