रायपुर :- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 53 लाख रुपये की उठाईगिरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास कपड़ा कारोबारी की एक्टिवा से नकदी से भरा बैग चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मनीष यदु (39) और कमलेश कुशवाहा (36) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे और निशानदेही पर 53 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 54 लाख रुपये है।
एक सप्ताह तक कारोबारी की करते रहे रेकी
पुलिस के अनुसार, शैलेन्द्र नगर निवासी किशोर बलवानी की पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। 9 अक्टूबर 2026 को वह अपने घर से सफेद कपड़े के बैग में नकदी रखकर एक्टिवा से दुकान जा रहे थे। सुबह करीब 11:45 बजे कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास अप्पू पान ठेले के सामने उन्होंने अपनी गाड़ी खड़ी की और पान खाने चले गए। वापस लौटने पर एक्टिवा के सामने रखे नकदी से भरे बैग को गायब पाया। शिकायत के बाद सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी करीब एक सप्ताह से कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे और उनके आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटा रहे थे।
हजारों CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उनके भागने के संभावित रास्तों पर लगे हजारों कैमरों के फुटेज का क्रमवार विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए बार-बार कपड़े बदल रहे थे और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने दोनों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गीजर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपाई थी रकम
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। चोरी की गई नकदी को छिपाने के लिए उन्होंने गीजर के अंदर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 53 लाख रुपये बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की रकम का कुछ हिस्सा तीन बैंक खातों में जमा कराया गया था, जिन्हें फ्रीज करा दिया गया है। वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
दोनों आरोपियों का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनीष यदु के खिलाफ पहले मारपीट और जुआ एक्ट से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं। वहीं, कमलेश कुशवाहा भी पूर्व में मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। रायपुर पुलिस ने इस कार्रवाई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त जांच का नतीजा बताया है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


