लोरमी :- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और लोरमी विधायक अरुण साव लोरमी के मानस मंच में आयोजित गरबा महोत्सव में शामिल हुए। मां जगजननी दुर्गोत्सव समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पारंपरिक गरबा नृत्य, भक्ति गीतों और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
आठवें वर्ष आयोजित हुआ गरबा महोत्सव
लोरमी में गरबा महोत्सव का आयोजन लगातार आठवें वर्ष किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने गरबा नृत्य के जरिए भारतीय संस्कृति की झलक पेश की। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति, आस्था और धार्मिक परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।
विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुंचकर की पूजा-अर्चना
गरबा महोत्सव में शामिल होने से पहले अरुण साव ने लोरमी नगर के विभिन्न वार्डों में स्थापित दुर्गा पंडालों में पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए। उन्होंने फूटू पारा, बाजार पारा और राम्हेपुर तुलसा घाट नाका स्थित दुर्गा पंडालों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने लोरमी सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लोगों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंच और सामुदायिक भवन के लिए 70 लाख रुपये की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राम्हेपुर तुलसा घाट नाका स्थित दुर्गा पंडाल में नगरवासियों की मांग पर मंच निर्माण के लिए 20 लाख रुपये और सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इससे पहले 14 अक्टूबर को नगर भ्रमण के दौरान उन्होंने वार्ड-9 के मजगांव पारा में मंच शेड निर्माण के लिए भी 20 लाख रुपये देने की घोषणा की थी।
आयोजन में समिति के सदस्यों की रही अहम भूमिका
मां जगजननी दुर्गोत्सव समिति थाना ग्राउंड लोरमी के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव की सफलता में प्रशांत शर्मा, विश्वास दुबे, आकाश केशरवानी, नरेंद्र खत्री, सोनू सापरिया, मनीष सोनी, अमन सलूजा और गुड्डू गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्यों का योगदान रहा। आयोजन ने नगर में धार्मिक उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल बनाया।


