रायपुर :- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को लेकर खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। लीग के सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग अब JioHotstar पर की जाएगी। 22 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के मैच प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से देखे जा सकेंगे। इससे रायपुर के मैदान पर खेलने वाले राज्य के खिलाड़ियों का हुनर देशभर के दर्शकों तक पहुंचेगा और छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त भारत की पहली आधिकारिक राज्य हॉकी लीग बताया गया है। प्रतियोगिता में राज्य के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। लीग चरण के मुकाबलों के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। इसके बाद 1 नवंबर 2026 को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। टूर्नामेंट के दौरान कुल 18 रोमांचक मैच आयोजित किए जाएंगे, जिनका सीधा प्रसारण डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होगा।
इस लीग में भारतीय हॉकी के कई चर्चित खिलाड़ी भी नजर आएंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम जैसे नाम शामिल हैं। ये खिलाड़ी छह फ्रेंचाइजी के प्रमुख आकर्षण होंगे। वहीं, पुरुषों की प्रतियोगिता के साथ पहले दिन महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक प्रदर्शनी मुकाबले का भी आयोजन किया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारतीय हॉकी के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत है। इसका उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि JioHotstar पर सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग होने से खिलाड़ियों के प्रदर्शन को व्यापक मंच मिलेगा और लीग की पहुंच बढ़ेगी।
‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ टैगलाइन के साथ आयोजित इस लीग का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना, उभरते खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और राज्य में राष्ट्रीय खेल के विकास को गति देना है। दर्शक प्रतियोगिता के मुकाबले हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में देख सकेंगे। डिजिटल प्रसारण के जरिए आयोजकों को उम्मीद है कि छत्तीसगढ़ की हॉकी प्रतिभाओं को देशभर में पहचान मिलेगी और अधिक युवा इस खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।


