कवर्धा :- उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्रि के अवसर पर कबीरधाम जिले के ग्राम भलपहरी और अचानकपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने माता दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही ग्रामीणों से जमीन पर बैठकर संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान भलपहरी में अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन और शासकीय प्राथमिक शाला में निर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण भी किया गया।
दौरे के दौरान दोनों गांवों में कुल 48 लाख 30 हजार रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की गई। ग्राम भलपहरी में हाई स्कूल रोड पर सीसी रोड निर्माण के लिए 2.60 लाख रुपए, प्राथमिक शाला में किचन शेड के लिए 4 लाख रुपए और अकालगरिहा पारा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपए की घोषणा की गई। वहीं, ग्राम अचानकपुर में मंच निर्माण के लिए 8 लाख रुपए, सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपए, सीसी रोड निर्माण के लिए 5.20 लाख रुपए, मुख्य मार्ग से पंचराम के घर तक सीसी रोड के लिए 2.60 लाख रुपए और मैदान व गोठान के समतलीकरण के लिए 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की गई।
भलपहरी में 5 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन के शुरू होने से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। यहां महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन जैसी सरकारी योजनाओं की राशि निकालने के साथ अन्य बैंकिंग सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे वित्तीय कार्यों के लिए शहर जाने की जरूरत कम होगी और समय व आवागमन के खर्च की बचत होगी।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क, बिजली, आवास और अन्य जरूरी सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बैगा आदिवासियों के आवास की राशि में गड़बड़ी के मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इस संबंध में कार्रवाई की गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय की बसाहटों तक सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के प्रयासों की भी जानकारी दी।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने किसानों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि भोरमदेव शक्कर कारखाने को वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश में सर्वाधिक शक्कर रिकवरी वाला कारखाना बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य 425 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। गांवों में विकास कार्यों की घोषणाओं और सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों को बुनियादी जरूरतों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।


