रायपुर :- राजधानी रायपुर में विजयादशमी यानी दशहरा का पर्व उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर के अलग-अलग मैदानों में रावण दहन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस बार WRS मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन आकर्षण का केंद्र रहेगा। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए रेलवे, पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं।

रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा के लिए ट्रेनों की रफ्तार धीमी

WRS मैदान के पास से व्यस्त मुंबई-हावड़ा रेल लाइन गुजरती है। रावण दहन और आतिशबाजी के दौरान भीड़ के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए रेलवे ने एहतियाती कदम उठाए हैं। मंगलवार दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक उरकुरा से रायपुर स्टेशन के बीच ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। इस दौरान लोको पायलट लगातार हॉर्न बजाते हुए ट्रेन चलाएंगे और जरूरत पड़ने पर ट्रेन रोक भी सकेंगे। इस व्यवस्था के चलते ट्रेनों को 5 से 10 मिनट तक की देरी हो सकती है।

रेलवे ट्रैक के आसपास 250 जवानों की तैनाती

दशहरा उत्सव के दौरान लोगों की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए RPF, GRP और स्थानीय पुलिस के करीब 250 जवान तैनात रहेंगे। रेलवे ट्रैक के पास बैरिकेडिंग की गई है, ताकि लोग पटरियों के नजदीक न पहुंचें। इसके अलावा हर 10 मिनट में माइक के जरिए लोगों को रेलवे ट्रैक से दूर रहने की चेतावनी दी जाएगी। ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों पर ड्रोन तथा सुरक्षाकर्मियों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।

फाफाडीह से WRS मैदान तक लग सकता है जाम

रायपुर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग रावण दहन देखने पहुंचेंगे। ऐसे में शाम के समय फाफाडीह से WRS मैदान तक यातायात का दबाव बढ़ने और जाम लगने की आशंका है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए हैं।