दुर्ग :- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसे में ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मशीन से निकला करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक बिहार के पूर्वी चंपारण के निवासी बताए जा रहे हैं।

मशीन का नोजल नीचे आने से हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि घटना 17 अक्टूबर की देर रात की है। ठेकेदार प्लांट में काम कर रहे थे, तभी टिंडिस मशीन के एक हिस्से का नोजल अचानक नीचे आ गया और पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे संतोष को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

आग की लपटों से घिरे व्यक्ति का वीडियो वायरल

हादसे से जुड़ा एक भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें आग की लपटों से घिरा एक व्यक्ति सीढ़ियों से नीचे भागता दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम के बाद 18 अक्टूबर को शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद वे अंतिम संस्कार के लिए शव बिहार लेकर गए।

प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद औद्योगिक इकाई में श्रमिकों की सुरक्षा और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने आरोप लगाया कि इसी कंपनी के दूसरे प्लांट में करीब दो साल पहले भी एक श्रमिक की झुलसने से मौत हुई थी। वहीं, दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल के मुताबिक, जलने से एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।