रायपुर :- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राजधानी रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान शहर की 13 से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। माना एयरपोर्ट से लोकभवन, बूढ़ापारा इनडोर स्टेडियम, गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर और नवा रायपुर स्थित सीएम हाउस तक आने-जाने वाले मार्गों पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक रोका जाएगा। इस दौरान 30 हजार से ज्यादा लोगों की आवाजाही प्रभावित होने का अनुमान है।

दोपहर 12 बजे से शुरू होगा ट्रैफिक प्रतिबंध

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार दोपहर 12:15 बजे माना एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से उनका काफिला वीआईपी रोड, फुंडहर चौक, एक्सप्रेस-वे, शंकर नगर ओवरब्रिज, एसआरपी चौक और पुराने पुलिस मुख्यालय के रास्ते लोकभवन पहुंचेगा। काफिले के पहुंचने से करीब आधे घंटे पहले यातायात रोक दिया जाएगा। काफिला गुजरने के 10 से 15 मिनट बाद रास्ते फिर से खोल दिए जाएंगे। इस दौरान करीब 14 किलोमीटर लंबे मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहेगा।

इनडोर स्टेडियम जाने वाले रास्तों पर भी रहेगी रोक

दोपहर 3 बजे राष्ट्रपति लोकभवन से बूढ़ापारा स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना होंगी। उनका काफिला सिविल लाइंस, काली मंदिर, ओसीएम चौक, महिला थाना, निगम मुख्यालय, सप्रे शाला और श्याम टॉकीज होते हुए स्टेडियम पहुंचेगा। इस मार्ग पर काफिले के निकलने से करीब 25 मिनट पहले यातायात बंद किया जाएगा और गुजरने के लगभग 10 मिनट बाद बहाल किया जाएगा। शाम करीब 5 बजे वापसी के दौरान भी यही व्यवस्था लागू रहेगी। शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा क्षेत्र में जाम की आशंका को देखते हुए लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

शाम 7 से रात 9 बजे तक गायत्री नगर और नवा रायपुर में असर

शाम को राष्ट्रपति लोकभवन से कलेक्टोरेट चौक, गौरवपथ और शंकर नगर होते हुए गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर जाएंगी। इसके बाद शंकर नगर एक्सप्रेस-वे, फुंडहर चौक, वीआईपी रोड और एयरपोर्ट के रास्ते नवा रायपुर स्थित सीएम हाउस पहुंचेंगी। इस दौरान काफिले के गुजरने से करीब 25 मिनट पहले रास्ते बंद किए जाएंगे और काफिला निकलने के लगभग 10 मिनट बाद यातायात बहाल होगा। भोजन के बाद वापसी के दौरान भी संबंधित मार्ग पर ट्रैफिक रोका जाएगा। करीब 21 किलोमीटर लंबे इस रूट पर शाम और रात में दो बार आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है।

सुरक्षा में तैनात रहेंगे 2 हजार से ज्यादा जवान

राष्ट्रपति के दौरे को सुरक्षित बनाने के लिए 2,000 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी 3 आईजी, 6 डीआईजी और 10 एसपी रैंक के अधिकारियों समेत 100 से ज्यादा अधिकारियों को सौंपी गई है। पुलिस मुख्यालय, बटालियन और दूसरे शहरों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। अगले दिन सुबह 9 बजे राष्ट्रपति बस्तर के लिए रवाना होंगी। शाम को रायपुर लौटने के बाद उनका दिल्ली जाने का कार्यक्रम है। ऐसे में आम लोगों को सलाह है कि वे यात्रा से पहले अपने मार्ग की जानकारी लें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।