रायपुर :- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंच गई हैं। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी, श्याम बिहारी जायसवाल और सांसद विजय बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर प्रदेश में खास उत्साह देखा जा रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित विशेष समारोह में शामिल होंगी। यहां वे पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर उनके सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके साथ ही माता हासी देवी को समर्पित विशेष डाक टिकट का भी विमोचन किया जाएगा। यह आयोजन सिंधी समाज की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके बाद राष्ट्रपति शाम 4 बजे रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वे ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक परंपराओं और युवाओं से जुड़े विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा।

राष्ट्रपति के दौरे का दूसरा दिन बस्तर के नाम रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे वे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे बस्तर दशहरा के अंतर्गत आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी और सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। इस दौरान मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों के साथ संवाद भी प्रस्तावित है।

राष्ट्रपति के दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जताते हुए इसे छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की ओर से राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन है। वहीं, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बस्तर के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति से क्षेत्र में आने का आग्रह किया था और मुरिया दरबार में शामिल होने का निर्णय उसी दौरान लिया गया था। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी राष्ट्रपति के आगमन पर प्रसन्नता जताई और इसे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।