जगदलपुर :- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उनके आगमन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी मां दंतेश्वरी के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि तथा निरंतर प्रगति की कामना की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मां दंतेश्वरी के प्रति बस्तर अंचल के लोगों की अटूट श्रद्धा है। मां दंतेश्वरी यहां की आस्था, संस्कृति और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति का दर्शन-पूजन के लिए मंदिर पहुंचना बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अपनी विशिष्ट जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की सांस्कृतिक परंपराओं में प्रकृति, आस्था और सामाजिक जीवन का गहरा संबंध दिखाई देता है। राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान मिलने का अवसर मिलेगा।
गौरतलब है कि मां दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं और क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक जीवन में उनका विशेष स्थान है। मां दंतेश्वरी के प्रति बस्तरवासियों की गहरी आस्था सदियों पुरानी परंपराओं से जुड़ी हुई है। उनकी उपासना यहां के सामाजिक जीवन, लोक मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राष्ट्रपति के मंदिर दर्शन को बस्तर की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


