धमतरी :- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद गहरा गया है। बोरिद खुर्द गांव के एक पारिवारिक मामले के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने SDM कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। मंच के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिले में खुलेआम प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं और लोगों को कथित तौर पर प्रभावित कर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
मामला धमतरी जिले के बोरिद खुर्द गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गांव का एक दंपति शुक्रवार को कोतवाली थाने पहुंचा। परिवार का आरोप है कि साल 2018 में डीकेश साहू से विवाह करने वाली निर्मला साहू शादी के करीब तीन साल बाद बिना बताए प्रार्थना सभाओं में जाने लगीं। परिजनों के विरोध के बावजूद महिला ने अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जीवन जीने की बात कही।
प्रार्थना सभा से महिला को थाने लेकर पहुंचे परिजन
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को महिला परिवार को बिना जानकारी दिए चंगाई सभा में शामिल होने चली गई थीं। पति को इसकी जानकारी मिली तो वह उनके पीछे पहुंचा, जहां महिला प्रार्थना सभा में मिलीं। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर कोतवाली थाने पहुंचे। परिवार का दावा है कि महिला ने वहां स्पष्ट कहा कि वह ईसाई धर्म नहीं छोड़ेंगी, भले ही इसके लिए उन्हें परिवार से अलग होना पड़े।
हिंदू जागरण मंच ने किया प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने SDM कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। मंच ने आरोप लगाया कि जिले में लोगों को प्रभावित कर धर्मांतरण कराया जा रहा है और नए कानून के बावजूद कथित रूप से प्रार्थना सभाओं का आयोजन जारी है। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई: SDM
वहीं, महिला के परिवार का कहना है कि वे चाहते हैं कि महिला हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार जीवन व्यतीत करें। ऐसा नहीं होने पर वे उन्हें अपने साथ घर ले जाने को तैयार नहीं हैं। दूसरी ओर, SDM ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला पारिवारिक विवाद और धर्मांतरण के आरोपों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अब प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।


