जशपुर :- लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ कुनकुरी स्थित छठ घाट पहुंचे। सुबह मुख्यमंत्री दंपति पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ घर से छठ पूजा की सामग्री और प्रसाद से सजे सूप-दउरा लेकर घाट के लिए रवाना हुए। छठ घाट पहुंचने के बाद उन्होंने जल में खड़े होकर उगते सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरे भक्तिभाव के साथ उन्होंने प्रदेश की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी आस्था और परंपरा को निभाते हुए हर साल की तरह इस बार भी अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि वे और उनकी पत्नी प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व मनाने के लिए कुनकुरी आते हैं। यहां उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सभी का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे लोग पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एक और महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि आज कुनकुरी स्थित छठ घाट का भूमि पूजन भी किया जा रहा है। उन्होंने इस आयोजन को लेकर प्रसन्नता जाहिर की और छठ महापर्व की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कामना की कि छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की कृपा सभी पर बनी रहे तथा प्रदेश के प्रत्येक परिवार के घर में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का आगमन हो।