बिलासपुर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर प्रवास के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए देश की स्वतंत्रता, जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके महान संघर्ष एवं बलिदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का भी अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित जनजातीय महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से जुड़ी जानकारियों को देखा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उन्होंने कम उम्र में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उनका जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को जनजातीय नायकों के साहस, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इसलिए नई पीढ़ी को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना बेहद जरूरी है।

जनजातीय वीथिका में दिखी वीर नायकों के संघर्ष और बलिदान की गौरवगाथा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का अवलोकन करते हुए वहां प्रदर्शित जनजातीय महापुरुषों के जीवन, उनकी वीरता, संघर्ष और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान से जुड़ी जानकारियां देखीं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय वीर नायकों का साहस और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है। जनजातीय वीथिका के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को अपने महान नायकों के इतिहास, संस्कृति और योगदान को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। ऐसे प्रयास हमारी समृद्ध विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का संकल्प है कि जनजातीय समाज का हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े और खुशहाली एवं समृद्धि की दिशा में आगे बढ़े।

कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला, विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक चक्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह सहित संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, विद्वान, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।