रायपुर :- राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के सुभाष नगर देवारपारा में पुलिस ने दबिश देकर कुल 26 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इलाके में गांजे की खरीदी-बिक्री और नशे से जुड़ी अवैध गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने यह अभियान चलाया। इस कार्रवाई में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
देवारपारा में पुलिस ने दी दबिश
जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर देवारपारा क्षेत्र में गांजे की खरीदी-बिक्री और नशे से जुड़ी गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने और इलाके में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 15 नवंबर 2026 को विशेष अभियान चलाया गया। इसी दौरान ANTF और तेलीबांधा थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में दबिश दी। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 26 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की नजर
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशे से जुड़ी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और शिकायत मिलने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
रायपुर पुलिस की आम नागरिकों से अपील
रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास गांजे की खरीदी-बिक्री, नशे के अवैध कारोबार या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


