कोलकाता :- भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने क्रिकेट के मैदान पर धमाकेदार वापसी करते हुए अपने बल्ले से एक बार फिर तूफान मचा दिया है। गुजरात के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सूर्या ने महज 29 गेंदों में 82 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मुंबई को पांच विकेट से शानदार जीत दिलाई। जून के बाद प्रोफेशनल क्रिकेट में वापसी करने वाले सूर्यकुमार यादव का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। उन्होंने अब तक खेले गए दोनों मुकाबलों में शानदार अर्धशतक जड़कर अपनी जबरदस्त फॉर्म का परिचय दिया है। इस जीत के साथ मुंबई ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है।
गुजरात ने बनाए 197 रन
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। मुंबई के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। एक समय गुजरात की टीम ने महज 87 रन के स्कोर पर अपने छह विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि टीम 150 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। हालांकि, निचले क्रम के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को 197 रन तक पहुंचा दिया। विशाल जायसवाल ने 21 गेंदों में 38 रन बनाए, जबकि आशुतोष शर्मा ने 22 गेंदों में पांच छक्कों की मदद से 42 रनों की तूफानी पारी खेली। मुंबई की ओर से शार्दुल ठाकुर और अथर्व अंकोलकर ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों में ठोके 82 रन
198 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। टीम ने 25 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और गुजरात के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। सूर्या ने महज 29 गेंदों में 82 रन बना दिए। उनकी इस पारी में नौ चौके और सात शानदार छक्के शामिल रहे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के सामने गुजरात के गेंदबाज बेबस नजर आए। हालांकि, सूर्या के आउट होने के बाद सरफराज खान ने जिम्मेदारी संभाली और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।
सरफराज खान ने भी दिखाया दम
सूर्यकुमार यादव के बाद सरफराज खान ने भी अपने बल्ले का दम दिखाया। उन्होंने महज 17 गेंदों में नाबाद 40 रन की तूफानी पारी खेली और मुंबई को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। मुंबई ने 198 रनों का लक्ष्य सिर्फ 15.4 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस तरह मुंबई ने गुजरात को पांच विकेट से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत अपने नाम कर ली। सूर्यकुमार यादव की शानदार फॉर्म और सरफराज खान की विस्फोटक बल्लेबाजी ने मुंबई की जीत को और भी खास बना दिया।


