रायपुर :- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। वे सुबह राजधानी रायपुर पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उनकी अहम बैठक होगी। इस बैठक में दोनों राज्यों के बीच समक्का सागर बैराज को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि यह बैठक अंतरराज्यीय जल संबंधी मुद्दों के लिहाज से काफी अहम होगी।
बैठक के दौरान समक्का सागर बैराज के निर्माण और संचालन से संभावित जलमग्न होने की आशंकाओं, अंतरराज्यीय जल विवाद और बैराज को पूर्ण क्षमता से संचालित करने के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जैसे मुद्दों पर विस्तार से बातचीत होगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में तेलंगाना के सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी के साथ दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
दरअसल, अंतरराज्यीय जल संसाधनों के उपयोग और बड़ी सिंचाई परियोजनाओं को लेकर राज्यों के बीच आपसी समन्वय बेहद जरूरी होता है। समक्का सागर बैराज से जुड़े मुद्दों पर दोनों राज्यों के बीच चर्चा का मुख्य उद्देश्य संभावित समस्याओं का समाधान तलाशना और परियोजना के संचालन को लेकर सहमति बनाना होगा। खासतौर पर जलमग्न क्षेत्र को लेकर जताई जा रही आशंकाओं पर दोनों पक्षों का रुख महत्वपूर्ण रहेगा।
इस बैठक में छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के बीच जल संसाधनों से जुड़े विषयों पर आगे की रणनीति तय होने की उम्मीद है। साथ ही बैराज के पूर्ण क्षमता से संचालन के लिए एनओसी का मुद्दा भी चर्चा के केंद्र में रहेगा। अब सबकी नजरें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की इस अहम मुलाकात पर टिकी हैं। बैठक में होने वाली चर्चा और निकलने वाले निष्कर्ष से दोनों राज्यों के बीच जल विवाद के समाधान की दिशा तय हो सकती है।


