कांकेर :- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा के बीच स्थित जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों का डम्प बरामद किया गया है। इस डम्प से हथियार, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री मिली है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर को जिला बल, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान जवानों को जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डम्प मिला। तलाशी लेने पर मौके से एक भरमार बंदूक, करीब एक किलो संदिग्ध आईईडी मैकेनिज्म, लगभग एक किलो गन पाउडर, दो डेटोनेटर और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई।

आईईडी और विस्फोटक सामग्री मौके पर की गई नष्ट

सर्चिंग के दौरान बरामद विस्फोटक सामग्री को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर विशेष सावधानी बरती गई। सुरक्षा बलों की बीडीएस टीम ने आईईडी और अन्य विस्फोटक पदार्थों को निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया। इससे इलाके में किसी संभावित खतरे को टालने में मदद मिली। वहीं, बरामद अन्य सामग्री को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में ले लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई संयुक्त कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और बीएसएफ की 40वीं वाहिनी के प्रभारी सेनानी नरेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस टीम के जवान शामिल रहे। संयुक्त टीम ने आपसी समन्वय के साथ इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया।

नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार जारी है सर्चिंग अभियान

कांकेर पुलिस के अनुसार, जिले के नक्सल प्रभावित और सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षाबलों की टीमें संवेदनशील इलाकों में निगरानी रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।