रायपुर :- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। यह मुलाकात नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ आगमन पर रेवंत रेड्डी का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की इस मुलाकात को अंतरराज्यीय संबंधों और आपसी सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुलाकात के दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों ने छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के साझा हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। साथ ही दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, निरंतर संवाद और आपसी सहयोग बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस मुलाकात से दोनों राज्यों के बीच प्रशासनिक और विकास से जुड़े मुद्दों पर संवाद को आगे बढ़ाने का अवसर मिला।

इस अवसर पर तेलंगाना के जल संसाधन मंत्री एन. रेड्डी, छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी मौजूद रहे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील, तेलंगाना के मुख्य सचिव संजय जाजू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और सचिव राहुल भगत भी उपस्थित थे।

बैठक में छत्तीसगढ़ जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो सहित तेलंगाना के मुख्यमंत्री के सचिव, जल संसाधन विभाग के सचिव और दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। दोनों मुख्यमंत्रियों की इस मुलाकात से छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करने तथा साझा हितों के विषयों पर मिलकर काम करने की दिशा में सकारात्मक पहल देखने को मिली।