रायपुर :- राजधानी रायपुर के एमजी रोड स्थित चौपाटियों के संचालन को लेकर पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, अव्यवस्थित पार्किंग और गंदगी की समस्या दूर करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट, नगर निगम, व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। 16 नवंबर को शाम 5 बजे यातायात सभागार में हुई इस बैठक में चौपाटी संचालन के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक रामकुमार बर्मन और स्नेहिल साहू, एसीपी रमेश येरेवार, नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-2 कमिश्नर पी.डी. घृतलहरे, ईई आशुतोष सिंह और व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र तलरेजा सहित संबंधित अधिकारी एवं चौपाटी संचालक मौजूद रहे।
रात 9 बजे से रात 1 बजे तक ही संचालित होंगी चौपाटियां
बैठक में स्पष्ट किया गया कि एमजी रोड की सभी चौपाटियां केवल रात 9 बजे से रात 1 बजे तक ही संचालित की जा सकेंगी। स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही संबंधित स्थान पर चौपाटी लगाई जाएगी। किसी भी चौपाटी संचालक को स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने के लिए दबाव बनाने या विवाद करने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों के हितों और चौपाटी संचालन के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने पर रोक
चौपाटी संचालकों को ग्राहकों के बैठने के लिए सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने से मना किया गया है। सार्वजनिक आवागमन के रास्ते में किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था करना भी संचालकों की जिम्मेदारी होगी। मुख्य सड़क या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर वाहनों की पार्किंग नहीं कराई जा सकेगी।
गंदगी फैलाने वालों पर भी होगी कार्रवाई
प्रशासन ने चौपाटी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की जिम्मेदारी स्वयं उठाने के निर्देश दिए हैं। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। चौपाटी का संचालन समाप्त होने के बाद संबंधित स्थान की सफाई भी करनी होगी। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने पर प्रतिबंध रहेगा। नगर निगम अधिकारियों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
नियम तोड़े तो चौपाटी होगी बंद
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कुछ संचालकों द्वारा निर्धारित नियमों का पालन नहीं किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। इनमें अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर कुर्सी-टेबल लगाना, गंदगी फैलाना और स्थायी दुकानदारों को परेशान करना जैसी समस्याएं शामिल हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक के दौरान चौपाटी संचालकों ने नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। वहीं प्रशासन ने अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग या गंदगी फैलाने की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित अस्थायी चौपाटी को स्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया है कि एमजी रोड पर चौपाटियों का संचालन नागरिकों की सुविधा, स्थायी व्यापारियों के हित, स्वच्छता और सुगम यातायात को प्राथमिकता देते हुए कराया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी करेंगी।


