भारतीय क्रिकेट के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में शामिल महेंद्र सिंह धोनी के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने IPL में खिलाड़ी के तौर पर अपना सफर समाप्त कर दिया है। हालांकि, क्रिकेट से उनका जुड़ाव खत्म नहीं होगा। धोनी अब IPL 2027 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए नई भूमिका निभाते नजर आएंगे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें टीम का मेंटोर नियुक्त करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है।

CSK ने सोशल मीडिया पर किया ऐलान

चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर धोनी की नई जिम्मेदारी की जानकारी दी। फ्रेंचाइजी ने अपने पोस्ट में लिखा कि कुछ खिलाड़ी जिंदगी में सिर्फ एक बार मिलते हैं। एक नई भूमिका और हमेशा कायम रहने वाला रिश्ता। महेंद्र सिंह धोनी अब चेन्नई सुपर किंग्स के टीम मेंटोर होंगे। CSK ने यह भी कहा कि जीत से लेकर मुश्किल दौर तक धोनी शुरुआत से ही टीम के सफर का अहम हिस्सा रहे हैं। अब वह टीम की अगली पीढ़ी को मार्गदर्शन देंगे और हमेशा सुपर किंग्स की पहचान बने रहेंगे।

पांच IPL खिताब जिताने वाले कप्तान रहे धोनी

महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ करीब दो दशक पुराना रिश्ता रहा है। उनकी कप्तानी में CSK ने पांच बार IPL का खिताब अपने नाम किया। धोनी की कप्तानी, मैदान पर फैसले लेने की क्षमता और खिलाड़ियों को संभालने के अंदाज ने उन्हें क्रिकेट जगत में अलग पहचान दिलाई। उनके नेतृत्व में टीम ने दो बार चैंपियंस लीग T20 का खिताब भी जीता। अब खिलाड़ी के रूप में मैदान पर नजर नहीं आने के बावजूद उनका अनुभव और रणनीतिक समझ टीम के काम आएगी।

IPL 2027 में मेंटोर की भूमिका में दिखेंगे थाला

धोनी की नई जिम्मेदारी से चेन्नई सुपर किंग्स को युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है। टीम के मेंटोर के रूप में वह खिलाड़ियों को अपने अनुभव साझा करेंगे और मैच की रणनीति बनाने में सहयोग करेंगे। CSK ने अपने आधिकारिक संदेश में साफ किया है कि धोनी का टीम के साथ रिश्ता आगे भी कायम रहेगा। उनके फैंस के लिए यह राहत की बात है कि अब वह पीली जर्सी में बतौर खिलाड़ी भले ही नजर नहीं आएंगे, लेकिन टीम के साथ उनका सफर जारी रहेगा।

IPL के एक युग का हुआ अंत

महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2008 में IPL की शुरुआत से ही चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बनकर टीम को नई पहचान दिलाई थी। बीच के दो सीजन में CSK पर प्रतिबंध लगने के कारण उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से भी खेला। इसके बाद वह फिर चेन्नई लौटे और टीम का नेतृत्व किया। अब IPL में खिलाड़ी के रूप में उनके सफर का अंत हो गया है। धोनी का मेंटोर बनना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है, वहीं उनके करोड़ों प्रशंसकों के लिए यह भावुक पल भी है।