बिलासपुर :- उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव आज बिलासपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राही स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा लगाए गए विभिन्न फूड और सामग्री के स्टॉल्स का निरीक्षण किया। उन्होंने स्ट्रीट वेंडर्स से उनके व्यवसाय, उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया, बिक्री और आमदनी को लेकर चर्चा की और उनके कारोबार को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।

महोत्सव में डिप्टी सीएम अरुण साव का एक खास अंदाज भी देखने को मिला। स्टॉल्स के भ्रमण के दौरान उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ मिट्टी के कुल्हड़ में चाय पी और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों गुपचुप और फरा का स्वाद भी लिया।

'कुल्हड़ पर चौपाल' में महिला स्ट्रीट वेंडर्स से किया संवाद

पीएम स्वनिधि महोत्सव में आयोजित 'कुल्हड़ पर चौपाल' कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव महिला पथ विक्रेताओं के बीच पहुंचे। यहां उन्होंने महिलाओं के साथ कुल्हड़ में चाय पीते हुए आत्मीय बातचीत की और उनके संघर्ष, व्यवसायिक अनुभवों तथा पीएम स्वनिधि योजना से मिल रहे लाभों की जानकारी ली। इस दौरान महिला हितग्राहियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। अरुण साव ने उनके आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के जरिए जहां महिला स्ट्रीट वेंडर्स को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया, वहीं मिट्टी के कुल्हड़ों के इस्तेमाल से स्थानीय कारीगरों और पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ही प्लास्टिक के विकल्प अपनाने की अपील भी की गई। पीएम स्वनिधि महोत्सव का उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उनके व्यवसाय को प्रोत्साहित करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।