बिलासपुर :- ठेला-खोमचा लगाकर और छोटे व्यवसाय के जरिए परिवार चलाने वाले लोगों के लिए पीएम स्वनिधि योजना आर्थिक संबल बन रही है। इस योजना ने छोटे कारोबारियों को साहूकारों के कर्ज और भारी ब्याज से राहत दिलाकर अपना व्यवसाय बढ़ाने का अवसर दिया है। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में आयोजित संभाग स्तरीय स्वनिधि महोत्सव में कही। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि छोटे कारोबारी आर्थिक रूप से मजबूत बनें और सम्मान के साथ आगे बढ़ें। जब एक-एक परिवार आत्मनिर्भर होगा, तभी प्रदेश और देश विकसित होगा।
स्मार्ट ठेला पंजीयन का शुभारंभ, हितग्राहियों को मिले डिजिटल साउंड बॉक्स
स्वनिधि महोत्सव के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्मार्ट ठेला पंजीयन का शुभारंभ किया और इसके पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं को पहचान पत्र मिलने से उनके व्यवसाय को नई पहचान मिलेगी और कारोबार करने में सुविधा होगी। इस अवसर पर हितग्राहियों को यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान साउंड बॉक्स वितरित किए गए। साथ ही सफल पथ विक्रेताओं और उनके प्रतिभाशाली बच्चों को मंच पर सम्मानित किया गया।
साहूकारों के कर्ज से मिली राहत, कारोबार बढ़ाने का मिला मौका
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे व्यवसायियों का जीवन संघर्ष और मेहनत से भरा होता है। पहले कारोबार के लिए उन्हें साहूकारों से कर्ज लेना पड़ता था और उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा ब्याज चुकाने में चला जाता था। कोरोना काल में छोटे कारोबारियों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी परेशानियों को समझते हुए वर्ष 2020 में पीएम स्वनिधि योजना शुरू की। इस योजना के तहत बिना गारंटी आसान ऋण मिलने से लाखों पथ विक्रेताओं को अपना कारोबार दोबारा शुरू करने और आगे बढ़ाने का अवसर मिला है।
15 हजार से 50 हजार रुपये तक मिल रहा ऋण
अरुण साव ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना में समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को अगले चरण में क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने हितग्राहियों से नियमित रूप से ऋण चुकाने और अगले चरण का लाभ लेकर अपना व्यवसाय बढ़ाने की अपील की। उन्होंने डिजिटल लेन-देन अपनाने और पात्र हितग्राहियों के लिए उपलब्ध 30 हजार रुपये तक की यूपीआई लिंक्ड क्रेडिट कार्ड सुविधा का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया।
स्वच्छता में बिलासपुर को देश में दूसरा स्थान
उप मुख्यमंत्री ने बिलासपुर की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। स्वच्छता के क्षेत्र में बिलासपुर को देश में दूसरा स्थान मिला है, जबकि छोटे शहरों की श्रेणी में बिल्हा को पहला स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर में प्रदेश की पहली ऑटोमेटेड कार पार्किंग का उद्घाटन किया है। वहीं, पीएम स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ और बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। 20 नवंबर को नई दिल्ली में यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए नगरीय निकायों, बैंकर्स, अधिकारियों और योजना के हितग्राहियों को बधाई दी।
पथ विक्रेता भारतीय अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी: सुशांत शुक्ला
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि कोई भी काम छोटा नहीं होता। पथ विक्रेता भारतीय अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पीएम स्वनिधि योजना उन्हें आर्थिक सहायता के साथ आत्मविश्वास और सम्मान भी प्रदान कर रही है। महापौर पूजा विधानी ने कहा कि यह योजना छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाकर सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दे रही है। उन्होंने योजना से वंचित पात्र लोगों को जोड़ने और ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया। वहीं, कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने भी छोटे व्यवसायियों को निजी कर्ज की परेशानियों से राहत दिलाने में योजना की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
छत्तीसगढ़ में 1.23 लाख से अधिक लोगों को मिला 282 करोड़ का ऋण
नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि हाट-बाजारों, सड़कों और चौक-चौराहों पर छोटे व्यवसाय करने वाले लोग आम नागरिकों की दैनिक जरूरतें पूरी करते हैं। उनका योगदान समाज और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बैंकर्स से ऋण प्रक्रिया की औपचारिकताओं को सरल बनाने और छोटे उद्यमियों को सहयोग देने की अपील की। सम्मेलन में जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ में अब तक 1.23 लाख से अधिक हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत 282 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। योजना में बिना गारंटी ऋण के साथ 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी और डिजिटल लेन-देन पर अतिरिक्त प्रोत्साहन का प्रावधान है।
स्वनिधि चौपाल में सुनी गईं हितग्राहियों की समस्याएं
कार्यक्रम में सफल पथ विक्रेताओं के जीवन में आए बदलावों पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों ने वित्तीय समावेशन और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जानकारी दी। इसके साथ ही स्वनिधि चौपाल का आयोजन कर हितग्राहियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण के प्रयास किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों और नगरीय निकायों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक नीलेशकुमार क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, कोरबा निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में योजना के हितग्राही मौजूद रहे।


