रायपुर :- कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे शोएब ढेबर की तलाश तेज है। रायपुर पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। वहीं, अब इस मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी शोएब ढेबर की कथित मदद करने और उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने के मामले में निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबन आदेश जारी किया है।

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 में निरीक्षक विनीत दुबे के संदिग्ध आचरण को निलंबन का आधार बनाया गया है।

गिरफ्तारी की गोपनीय जानकारी लीक होने का आरोप

बताया जा रहा है कि पुलिस ने फरार शोएब ढेबर को गिरफ्तार करने के लिए खम्हारडीह इलाके में दबिश देने की योजना बनाई थी। लेकिन कार्रवाई से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया। इसके बाद पुलिस की गोपनीय रणनीति और गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी लीक होने की आशंका पर जांच शुरू की गई। इसी मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी पहले निलंबित किया जा चुका है। अब निरीक्षक विनीत दुबे पर हुई कार्रवाई से पुलिस विभाग में हलचल मच गई है।

शोएब ढेबर पर कुल 15 हजार रुपये का इनाम

दरअसल, शोएब ढेबर कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस तरह आरोपी की सूचना देने वाले के लिए कुल इनाम की राशि 15 हजार रुपये हो गई है। पुलिस ने अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम की राशि प्रदान की जाएगी।

जानिए क्या है 25 करोड़ की रंगदारी का पूरा मामला?

मामले के मुताबिक, 14 सितंबर को कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेश भेजने वाले ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। इतना ही नहीं, पैसे नहीं देने पर आनंदमल कुकरेजा, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज किया गया। मामले की जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त रूप से शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर को पकड़ा था। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन भी जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई थी।

इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया था। बाद में पुलिस ने मामले में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया, जिसे मंजूरी मिल गई थी। हालांकि, इसके बाद से शोएब ढेबर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। फिलहाल, 25 करोड़ की रंगदारी के इस मामले में फरार शोएब ढेबर की तलाश जारी है। वहीं, गिरफ्तारी की गोपनीय जानकारी लीक होने के आरोप में पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर हो रही कार्रवाई ने इस पूरे मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।