रायपुर :- छत्तीसगढ़ में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार की पहल के तहत दिवंगत आरक्षक के परिवार को बड़ी राहत मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बुधवार को महानदी भवन, नवा रायपुर में दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार की पत्नी प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा। यह राशि बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के अंतर्गत प्रदान की गई है।

दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने 12 वर्षों से अधिक समय तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दी थीं। 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत उनकी पत्नी और नामिनी प्रीति देवी को 1.08 करोड़ रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई।

बेटे को मिल चुकी है अनुकंपा नियुक्ति

दिवंगत आरक्षक के परिवार को आर्थिक सहायता के साथ-साथ शासन की ओर से अन्य सुविधाएं भी दी गई हैं। उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोना अपूरणीय क्षति है। हालांकि, ऐसी कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा परिवार को आगे बढ़ने का संबल देती है।

पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए सैलरी पैकेज बीमा योजना बनी सहारा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करना भी सरकार की प्राथमिकता है। पुलिसकर्मियों के वेतन खातों से जुड़ी बीमा सुविधाएं आकस्मिक परिस्थितियों में उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि इस बीमा सुरक्षा योजना का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी सैलरी पैकेज बीमा योजना से जोड़ा गया है, ताकि आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत जवानों और उनके परिवारों को भी इसका लाभ मिल सके।

बीमा राशि के सुरक्षित निवेश के लिए दिए निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को सुरक्षित निवेश और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के संबंध में जरूरी मार्गदर्शन दिया जाए। इससे परिवार की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा और बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाया जा सकेगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली शेष सहायता और अन्य सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

जानकारी के मुताबिक, बैंक ऑफ बड़ौदा अब तक पांच पुलिसकर्मियों के प्रकरणों में सैलरी पैकेज के तहत बीमा सहायता प्रदान कर चुका है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, विवेकानंद सिन्हा, 17वीं बटालियन के कमांडेंट कमलेश चंदेल और बैंक ऑफ बड़ौदा के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।