रायपुर :- राजधानी रायपुर में सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रोहन ताम्रकार के रूप में हुई है, जो थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया है।
परिवार के साथ गांव गया था मकान मालिक, पीछे से हुई चोरी
मामला खमतराई थाना क्षेत्र के शिवानंद नगर स्थित अंजनी विहार कॉलोनी का है। जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी शिव निर्मलकर 8 नवंबर 2026 को अपने मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ गृहग्राम गया हुआ था। 12 नवंबर को जब वह वापस लौटा तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी खुली हुई थी और उसका लॉकर भी टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान गायब थे। इसके बाद पीड़ित ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1207/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त उत्तर क्षेत्र दीपमाला कश्यप ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और पुराने चोरी के आरोपियों तथा हाल ही में जेल से रिहा हुए संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर रोहन ताम्रकार घटना वाले दिन देर रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, 10 लाख का सामान बरामद
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी शुरुआत में चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार करता रहा और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। हालांकि, साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रोहन ताम्रकार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
आधा दर्जन से ज्यादा अपराधों में रह चुका है शामिल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रोहन ताम्रकार थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।


