भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। आईपीएल में अपने शानदार प्रदर्शन और कप्तानी से करोड़ों प्रशंसकों का दिल जीतने वाले धोनी अब एक नई भूमिका में नजर आ सकते हैं। खबरों के मुताबिक, आईपीएल 2027 में धोनी खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर नहीं उतरेंगे, बल्कि चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटोर की जिम्मेदारी संभालेंगे।

CSK में धोनी को मिली नई जिम्मेदारी

महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ रिश्ता बेहद खास रहा है। उनकी कप्तानी में टीम ने कई बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया और फ्रेंचाइजी को एक अलग पहचान दिलाई। धोनी की कप्तानी, रणनीति और खिलाड़ियों को तैयार करने की क्षमता का फायदा अब टीम को नई भूमिका में मिल सकता है। मेंटोर के तौर पर वह टीम के युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर सकते हैं।

CSK की पोस्ट के बाद चर्चा तेज

चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर धोनी को लेकर एक पोस्ट साझा की गई है। पोस्ट में उन्हें टीम का मेंटोर बताया गया है। फ्रेंचाइजी ने लिखा कि कुछ खिलाड़ी जिंदगी में सिर्फ एक बार मिलते हैं। एक नई भूमिका और ऐसा रिश्ता जो हमेशा कायम रहेगा।

पोस्ट में आगे कहा गया कि अनगिनत जीत, मुश्किल दौर और यादगार पलों के बीच एमएस धोनी शुरुआत से ही सुपर किंग्स के सफर का अहम हिस्सा रहे हैं। टीम को जीत दिलाने से लेकर अगली पीढ़ी का मार्गदर्शन करने तक धोनी हमेशा CSK की पहचान का हिस्सा रहेंगे और चेन्नई हमेशा उनका घर रहेगा।

क्या IPL 2027 में नहीं खेलेंगे धोनी?

धोनी के मेंटोर बनने की खबर के बाद उनके आईपीएल करियर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, खिलाड़ी के तौर पर उनके संन्यास और आईपीएल 2027 में मैदान पर नहीं उतरने को लेकर आधिकारिक स्थिति की पुष्टि जरूरी है। धोनी के प्रशंसकों को उनके अगले कदम का इंतजार रहेगा।