रायपुर :- वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। युवा शक्ति ही छत्तीसगढ़ और देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी आधारशिला है। युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर उन्हें राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनाना बेहद जरूरी है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी मंगलवार को नवा रायपुर के लखौली में आयोजित एनसीसी प्रशिक्षण कैंप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए एनसीसी कैडेटों से संवाद किया और उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन एवं निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कैडेटों के उत्साह, समर्पण और अनुशासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस दौरान ओपी चौधरी ने एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान के विकास को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लखौली स्थित एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान को देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थानों में शामिल करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी। संस्थान में बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं, आधुनिक संसाधनों और अधोसंरचना के विकास के लिए जरूरतों का आकलन कर आगामी बजट में समुचित प्रावधान करने का प्रयास किया जाएगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि एनसीसी का प्रशिक्षण केवल सेना में करियर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए तैयार करता है। भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना में युवाओं के लिए बेहतर करियर के अवसर हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के युवाओं से रक्षा सेवाओं में आगे आने और राष्ट्रसेवा का हिस्सा बनने का आह्वान किया।

सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर युवाओं को दी सलाह

ओपी चौधरी ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया और डिजिटल तकनीक ने ज्ञान और अवसरों के नए रास्ते खोले हैं, लेकिन इनका अत्यधिक इस्तेमाल युवाओं की एकाग्रता और समय प्रबंधन को प्रभावित कर सकता है। युवाओं को तकनीक का इस्तेमाल अपने विकास के लिए करना चाहिए, न कि उसका आदी बनना चाहिए। उन्होंने कैडेटों को अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा किसी भी जानकारी को स्वीकार करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि जीवन में बड़ी सफलता हासिल करने के लिए एकाग्रता, धैर्य और निरंतर अभ्यास जरूरी है। युवाओं को नियमित दिनचर्या, खेलकूद, शारीरिक गतिविधियों और मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना चाहिए। एनसीसी प्रशिक्षण से युवाओं में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास विकसित होता है।

अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव भी किए साझा

वित्त मंत्री ने कैडेटों के साथ अपने जीवन के संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सिविल सेवा की तैयारी के दौरान उन्होंने समय का अनुशासित तरीके से उपयोग किया। नियमित दिनचर्या और लंबे समय तक एकाग्र होकर पढ़ाई करने की आदत ने उन्हें लक्ष्य तक पहुंचने में मदद की। उन्होंने युवाओं से कहा कि सफलता के लिए केवल संसाधन और सुविधाएं ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि स्पष्ट लक्ष्य, मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत सबसे ज्यादा जरूरी है।

उन्होंने कहा कि युवा प्रशासनिक सेवाओं, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, अनुसंधान, उद्यमिता और रक्षा सेवाओं सहित किसी भी क्षेत्र में अपना भविष्य बना सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करें और पूरी मेहनत से उसे हासिल करने में जुट जाएं। कार्यक्रम में ब्रिगेडियर साई प्रसाद, कर्नल रमेश सहित एनसीसी के अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में कैडेट मौजूद रहे।