रायपुर :- अगर आपका बैंक खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में है और आप रोजाना UPI के जरिए ऑनलाइन पेमेंट करते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। SBI की UPI सर्विस 19 नवंबर 2026 को कुछ समय के लिए बंद रहने वाली है। इस दौरान ग्राहक UPI के जरिए पैसे ट्रांसफर नहीं कर पाएंगे। ऐसे में अगर आप ऑनलाइन पेमेंट करने की योजना बना रहे हैं, तो पहले से जरूरी इंतजाम कर लेना बेहतर होगा।

रात 1:15 से 2 बजे तक बंद रहेगी UPI सर्विस

SBI के मुताबिक, 19 नवंबर 2026 को रात 1 बजकर 15 मिनट से लेकर 2 बजे तक UPI सेवाएं अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं रहेंगी। यानी करीब 45 मिनट तक ग्राहकों को UPI पेमेंट करने में परेशानी हो सकती है। हालांकि, बैंक ने बताया है कि मेंटेनेंस का काम निर्धारित समय से पहले भी पूरा हो सकता है।

क्यों बंद रहेगी SBI की UPI सर्विस?

बैंक की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, यह अस्थायी रुकावट निर्धारित मेंटेनेंस एक्टिविटी के कारण होगी। SBI ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट X पर पोस्ट के जरिए ग्राहकों को इसकी जानकारी दी है। बैंक ने इस दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद भी जताया है।

UPI Lite से कर सकेंगे पेमेंट

SBI की नियमित UPI सर्विस बंद रहने के दौरान ग्राहकों के लिए UPI Lite की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसकी मदद से छोटे ट्रांजैक्शन आसानी से किए जा सकते हैं। UPI Lite में ग्राहक पहले अपने बैंक खाते से वॉलेट में पैसे जोड़ते हैं और फिर हर बार UPI PIN डाले बिना भुगतान कर सकते हैं। ऐसे में SBI ग्राहकों को सलाह है कि अगर उन्हें रात के समय पेमेंट करना है, तो पहले से UPI Lite में पर्याप्त बैलेंस रख लें। इससे नियमित UPI सर्विस में रुकावट के दौरान भी छोटे भुगतान करने में आसानी होगी।