रायपुर :- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 की समय-सारणी जारी कर दी है। बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। वहीं, कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा का टाइम टेबल जारी होने के बाद विद्यार्थियों को अपनी तैयारी के लिए पूरा शेड्यूल मिल गया है।

सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी परीक्षा

माध्यमिक शिक्षा मंडल के अनुसार, 10वीं और 12वीं की सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होंगी। परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे परीक्षा केंद्र में पहुंचना होगा। सुबह 9:05 बजे उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा। इसके बाद 9:10 बजे प्रश्नपत्र दिए जाएंगे और 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक उत्तर लिखने का समय मिलेगा।

12 मार्च से शुरू होगी 12वीं की परीक्षा

कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 12 मार्च 2027 को हिंदी विषय के साथ शुरू होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र और लेखाशास्त्र, 17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान और अर्थशास्त्र की परीक्षा होगी। वहीं, 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित और 31 मार्च को अंग्रेजी का पेपर आयोजित किया जाएगा।

इसके अलावा 3 अप्रैल को इतिहास और व्यवसाय अध्ययन, 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र, 6 अप्रैल को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विभिन्न विषयों, 7 अप्रैल को क्षेत्रीय भाषाओं और 8 अप्रैल को मनोविज्ञान विषय की परीक्षा होगी।

13 मार्च से शुरू होंगे 10वीं के एग्जाम

कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 13 मार्च 2027 को तृतीय भाषा के विषयों के साथ शुरू होंगी। इसके बाद 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 20 मार्च को विज्ञान, 25 मार्च को हिंदी और 30 मार्च को गणित की परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं, 1 अप्रैल को व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विभिन्न विषयों की परीक्षा होगी। इसके बाद 5 अप्रैल को दृष्टिहीन विद्यार्थियों के लिए संगीत और मूक एवं बधिर विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग एंड पेंटिंग की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

शारीरिक प्रशिक्षण परीक्षा का टाइम टेबल भी जारी

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा 2027 का कार्यक्रम भी जारी किया है। इसके तहत प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 12 मार्च से 19 मार्च तक और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 13 मार्च से 20 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी।

आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं टाइम टेबल

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की तारीख और समय में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि, परीक्षा अवधि के दौरान सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होने पर भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी। विद्यार्थी और अभिभावक छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर जाकर 10वीं और 12वीं का पूरा टाइम टेबल देख सकते हैं।