रायपुर :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक गौरव का अनूठा संगम बना। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पद्मश्री सम्मानित विभूतियों, विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों, लोकतंत्र सेनानियों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, सेवा, सुरक्षा एवं आर्थिक क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। वे स्वयं एक-एक टेबल पर पहुंचे और लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव सुने और विभिन्न संगठनों की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री के सहज और आत्मीय व्यवहार ने समारोह को पारिवारिक मिलन का स्वरूप प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल प्रकाश और उल्लास का पर्व नहीं है, बल्कि प्रेम, विश्वास, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत यहां के लोगों की सरलता, आत्मीयता, सामाजिक एकता और सेवा भावना है। समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

दीपावली मिलन समारोह में जैन समाज, वैष्णव समाज और छत्तीसगढ़िया सोनार समाज सहित विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों और प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न समाजों की परंपराएं और जीवन मूल्य मिलकर छत्तीसगढ़ की साझा संस्कृति को समृद्ध बनाते हैं। वरिष्ठजनों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारियों की भी उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात कर सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े अनुभव साझा किए। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोकतंत्र सेनानियों से भी संवाद किया और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनके संघर्ष और योगदान को नमन किया।

समारोह में आरोग्य भारती, राष्ट्रीय सेवा भारती, भारतीय कुष्ठ निवारक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय शिक्षण मंडल और विद्या भारती सहित विभिन्न सेवा एवं शिक्षा संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा, विद्यार्थी विकास, संस्कार और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

इस दौरान विश्व हिंदू परिषद, वनवासी कल्याण आश्रम, राष्ट्रीय सेवा समिति, पूर्व सैनिक परिषद और हिंदू जागरण मंच सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

आर्थिक और श्रमिक क्षेत्र से जुड़े लघु उद्योग भारती तथा भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधियों से भी मुख्यमंत्री ने चर्चा की। इस दौरान स्थानीय उद्योगों, रोजगार सृजन, उद्यमिता और श्रमिक कल्याण जैसे विषयों पर बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उद्योगों, उद्यमियों, श्रमिकों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

समारोह में पद्मश्री सम्मानित कलाकारों की मौजूदगी भी खास आकर्षण रही। मुख्यमंत्री ने सूफी गायक मदन सिंह चौहान, अबूझमाड़ की पारंपरिक काष्ठकला के साधक पंडीराम मंडावी और भक्ति संगीत के क्षेत्र में योगदान देने वाले भारती बंधु से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने छत्तीसगढ़ की कला, संगीत और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान की सराहना की।

इसके अलावा विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने के लिए संचालित 'स्पेस ऑन व्हील' पहल की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय अंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर अवसर, मार्गदर्शन और आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय संगठनों और विभूतियों का अनुभव, समर्पण और जनसेवा की भावना प्रदेश की विकास यात्रा को नई ऊर्जा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।