जगदलपुर :- त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद अब खाद्य विभाग ने जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में संचालित 'सुरक्षित आहार, हमर अधिकार' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार दुकानों, मिठाई प्रतिष्ठानों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जगदलपुर शहर के कई खाद्य प्रतिष्ठानों में पहुंचकर साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान जांच टीम को कई जगहों पर लापरवाही देखने को मिली, जिसके बाद विभाग ने कार्रवाई भी की है।
निरीक्षण के दौरान शहर के धरमपुरा स्थित कैलाश स्वीट्स में अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छता पाई गई। दुकान में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर खाद्य विभाग की टीम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को आगामी आदेश तक बंद करा दिया। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं, जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने दो खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्रित किए हैं, जिन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चित्रकोट रोड स्थित एक्स्ट्राक्लास रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया। यहां जांच के दौरान एक्सपायरी पिज्जा बेस के 10 पैकेट बरामद हुए। खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट निकलने के बावजूद उसका प्रतिष्ठान में मौजूद होना खाद्य सुरक्षा नियमों के लिहाज से गंभीर लापरवाही मानी गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 10 पैकेटों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं तक एक्सपायरी और असुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचने से रोकना है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य कारोबार में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुकानों और रेस्टोरेंट में गंदगी, एक्सपायरी खाद्य सामग्री या गुणवत्ता से जुड़ी अनियमितताएं मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने संकेत दिए हैं कि 'सुरक्षित आहार, हमर अधिकार' अभियान के तहत आगे भी जिले के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण जारी रहेगा।


