रायपुर :- भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने गुरुवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ओबीसी समाज को केवल बातों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि सत्ता में हिस्सेदारी देकर वास्तविक सम्मान दिया है। कांग्रेस की राजनीति एक परिवार तक सीमित रही, जबकि भाजपा ने पिछड़े वर्गों को राजनीतिक और सामाजिक रूप से आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ओबीसी समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

अमरपाल मौर्य ने कहा कि भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में मंडल स्तर तक संगठनात्मक संरचना पूरी कर ली है। अब संगठन को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक और मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पिछड़ा वर्ग मोर्चा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। संगठन केवल चुनावी गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के सभी वर्गों के साथ समन्वय स्थापित करेगा और उनकी समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में काम करेगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रमुख संकल्प है। आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारों ने ओबीसी समाज के उत्थान के लिए अपेक्षित काम नहीं किया। कांग्रेस ने हमेशा पिछड़े वर्गों की चर्चा तो की, लेकिन उनके सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास के लिए ठोस प्रयास नहीं किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति एक परिवार के इर्द-गिर्द ही घूमती रही, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्षों से चली आ रही व्यवस्था में बदलाव करते हुए पिछड़े वर्गों को आगे लाने का काम किया है।

अमरपाल मौर्य ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में ओबीसी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए समाज के उन वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है, जो लंबे समय तक विकास की दौड़ में पीछे रह गए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, स्वाभिमान और राजनीतिक भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराना भाजपा की प्राथमिकता है। भाजपा ने ओबीसी समाज को सत्ता में उचित प्रतिनिधित्व देकर अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार में 27 ओबीसी मंत्रियों को स्थान मिला, वहीं छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार में 14 मंत्रियों में से 7 मंत्री ओबीसी समाज से हैं।

कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए मौर्य ने कहा कि कांग्रेस के पास लंबे समय तक संसद और राज्यों की सत्ता में रहने का अवसर था, लेकिन उसने ओबीसी समाज की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए। उन्होंने जातिगत जनगणना के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि आज जब जनगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, तब भी कांग्रेस कमियां निकालने और आलोचना करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को केवल विरोध की राजनीति करने के बजाय समाज के हित में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत करेगा। समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर संवाद स्थापित किया जाएगा और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही भाजपा की विचारधारा और सरकार की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, प्रदेश मीडिया प्रभारी छगन साहू और सह प्रभारी श्रवण यदु भी मौजूद रहे।