लोरमी :- उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने ग्राम कोतरी स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय महाविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों से आत्मीय चर्चा की। इस दौरान उन्होंने युवाओं को जीवन में सफलता हासिल करने के साथ एक अच्छा नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से कभी घबराना नहीं चाहिए, बल्कि हौसले और मेहनत के साथ लगातार आगे बढ़ते रहना चाहिए। सफलता मिलने में देरी हो तो निराश होने की जरूरत नहीं है और यदि कम उम्र में सफलता मिल जाए तो जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी खुद को तैयार रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने महाविद्यालय की व्यवस्थाओं और सुंदर परिसर की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस महाविद्यालय का संचालन महानगरों के स्तर की सुविधाओं के साथ हो रहा है। यहां के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर के एनएसएस शिविर में शामिल होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ा रहे हैं। यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने टेबल टेनिस में लगातार चार वर्षों से महाविद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की भी सराहना की। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे रक्तदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद को जीवन देने से बड़ा सेवा कार्य कोई नहीं हो सकता। युवाओं का यह सेवाभाव समाज के लिए प्रेरणादायी है।
अरुण साव ने कहा कि युवाओं को अपनी पढ़ाई और खेल गतिविधियों के साथ समाज सेवा के प्रति भी समर्पित रहना चाहिए। जीवन में केवल व्यक्तिगत सफलता हासिल करना ही लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज और देश के विकास में योगदान देने का भाव भी रखना चाहिए। युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से अपना भविष्य संवारें और अपने गांव, क्षेत्र तथा छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने और हर परिस्थिति में आत्मविश्वास बनाए रखने की सीख दी।
महाविद्यालय में 80 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरदार वल्लभभाई पटेल महाविद्यालय के विकास के लिए कुल 80 लाख रुपये के कार्यों की घोषणा की। इसमें महाविद्यालय की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 30 लाख रुपये, मंच निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और खेल मैदान के उन्नयन के लिए 40 लाख रुपये शामिल हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय तक पहुंचने के लिए अप्रोच रोड निर्माण की 19 लाख रुपये की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है। इन विकास कार्यों से महाविद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह, डॉ. उदय जायसवाल, दिनेश साहू, दिनेश काश्यप, संतोष साहू, रामेश्वर बंजारे, ज्ञानेश्वर क्षत्री, दरबारी यादव, राजेंद्र शुक्ला, महेंद्र खत्री, धनीराम यादव, महाजन जायसवाल, अभिषेक पाठक, हीरा सिंह बैस, राम निहोरा काश्यप, प्रदीप साहू, हीरा साहू, जवाहर दिवाकर, तामेश्वर साहू, पीयूष साहू, लाल राम जायसवाल, प्रहलाद जायसवाल, राजा सिंह, नारायण, रघुवीर साहू और सुनील कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, प्राध्यापकगण, ग्रामीण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


